धमतरी में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, 3,337 किसानों से 11 हजार 434 मीट्रिक टन धान का उपार्जन

Chhattisgarh Madhyapradesh National State

रायपुर, 19 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के उद्देश्य से संचालित समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। धमतरी जिले में भी खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान उपार्जन का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। खरीदी प्रारंभ होने के बाद से अब तक जिले के 3,337 किसानों से 11 हजार 434.20 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। खरीदी केंद्रों में किसानों की बढ़ती भागीदारी से उत्साह का वातावरण है। वहीं, किसानों को बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेचने की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है। धान खरीदी अभियान के अंतर्गत 19 नवंबर के लिए जिले में 1,017 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से 3 हजार 769.45 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है। टोकन आधारित खरीदी व्यवस्था से किसानों को निर्धारित तिथि पर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल रही है। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही खरीदी प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाए रखने में सहायता मिल रही है। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्रों में पेयजल, छाया, पर्याप्त बारदाना, तौल व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही धान की गुणवत्ता परीक्षण, निर्धारित मापदंडों के अनुसार तौल, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। उपार्जन केंद्रों में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण करने तथा खरीदी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया गया है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन एवं तिथि के अनुसार ही धान लेकर उपार्जन केंद्रों में पहुंचें, जिससे खरीदी कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र किसान को अपनी उपज बेचने का सहज अवसर मिले और संपूर्ण खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुविधाजनक एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न हो। किसानों की बढ़ती सहभागिता और उपार्जन की निरंतर प्रगति धमतरी जिले में धान खरीदी अभियान को नई गति दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *