50 साल से नरैया तालाब में गूंज रही छठ की आस्था, चार पीढ़ियों के साथ पहुंचती हैं 85 वर्षीय लखपति बाई

Uncategorized

रायपुर। राजधानी के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ पूजा की परंपरा करीब पांच दशक पुरानी है। कभी अंधेरे में टॉर्च की रोशनी के सहारे तालाब किनारे पहुंचकर पूजा करने वाली व्रती महिलाओं के लिए आज यहां भव्य घाट और व्यापक व्यवस्थाएं हैं। समय बदला, सुविधाएं बढ़ीं, लेकिन छठी मइया के प्रति आस्था आज भी वैसी ही कायम है।

इस परंपरा की साक्षी 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे हैं। नरैया तालाब में शुरुआती दौर से छठ पूजा करने वाली लखपति बाई ने पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके पति पुलिस विभाग में नौकरी करते थे और वे पुलिस लाइन के सरकारी आवास में रहती थीं। उस समय बच्चों को लेकर अकेले तालाब तक पहुंचना आसान नहीं था। शाम और सुबह घाट जाते समय घना अंधेरा रहता था। टॉर्च लेकर तालाब तक पहुंचना पड़ता था। तब घाट भी नहीं बने थे। पूजा के दौरान तालाब से मछलियां बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को उनसे बचाना भी एक चुनौती होती थी।

पुराने दिनों को याद करते हुए लखपति बाई भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि उन्होंने आज तक छठ पूजा के लिए यूपी-बिहार का रुख नहीं किया। छत्तीसगढ़ की धरती पर ही कमाया, यहीं खाया और अब इसी मिट्टी में समा जाना चाहती हैं। उनके मुताबिक, छत्तीसगढ़ से सुंदर और सुकून देने वाली जगह दुनिया में कहीं नहीं है। खास बात यह है कि वे आज भी अपनी चार पीढ़ियों को लेकर छठ घाट पहुंचती हैं।

संध्या अर्घ्य में उमड़ी हजारों की भीड़

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को नरैया तालाब घाट पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। सजाए गए घाट, रोशनी और व्यवस्थाओं के बीच हजारों छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। परिवारों के साथ पहुंचे श्रद्धालुओं ने छठी मइया की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

पांच दशक से जारी है परंपरा

नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि यहां करीब 50 वर्षों से छठ पूजा का आयोजन हो रहा है। उस दौर में जब शहर में मुख्य रूप से आमा तालाब और व्यास तालाब में छठ पूजा होती थी, तब से नरैया तालाब में भी व्रती महिलाएं यह पर्व मनाती आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियों में रायपुर नगर निगम का लगातार सहयोग मिलता है। तालाब और घाट की साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं में निगम और समिति के सदस्य मिलकर प्रयास करते हैं। इस बार घाट पर स्वागत द्वार, लाइटिंग, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई है। समिति ने साफ-सफाई के लिए नगर निगम प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग का आभार जताया।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर को व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी। इसके बाद नरैया तालाब छठ घाट पर भंडारे का आयोजन होगा और चार दिवसीय महापर्व का समापन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *