बच्चों की रुचि के अनुसार प्रशिक्षण देना ही सच्ची शिक्षा : बृजमोहन अग्रवाल

Uncategorized

रायपुर। बाल दिवस के अवसर पर रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल भारतीय विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल के रजत जयंती समारोह में शामिल हुए। विद्यालय के 25 वर्ष पूरे होने पर आयोजित इस समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को सम्मानित किया। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में रंग जमाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों की प्रतिभा और रुचि को पहचानकर उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रशिक्षित करना है। जिस बच्चे की जिस विषय में रुचि हो, उसे उसी के अनुरूप अवसर और प्रशिक्षण मिलना चाहिए। यही सच्ची शिक्षा है।

उन्होंने विद्यालय के 25 वर्षों के सफर की सराहना करते हुए पूरे विद्यालय परिवार को बधाई दी। अग्रवाल ने विश्वास जताया कि इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थी अपने जीवन में सफलता हासिल करेंगे और विद्यालय भविष्य में भी बेहतर शिक्षा एवं संस्कारों के माध्यम से देश और समाज के लिए योग्य नागरिक तैयार करता रहेगा।

इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक सुशील कुमार साहू ने संस्थान की स्थापना से लेकर अब तक के संघर्ष और उपलब्धियों का सफर साझा किया। उन्होंने बताया कि धमतरी जिले के ग्राम भैंसमुंडी में प्राथमिक शिक्षा और भोपाल में कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने 1999 में शिक्षण कार्य शुरू किया। परिजनों के सहयोग से वर्ष 2001 में विद्यालय की नींव रखी गई। वर्ष 2006 में हाईस्कूल और 2008 में हायर सेकेंडरी की मान्यता मिली। वर्तमान में विद्यालय में गणित, जीव विज्ञान और वाणिज्य संकाय में सैकड़ों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।

उन्होंने कहा कि 25 वर्ष पहले लगाया गया एक छोटा सा पौधा आज विशाल वृक्ष बन चुका है, जिसकी छांव में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी मिल रहे हैं।a

समारोह में समिति उपाध्यक्ष प्रभा साहू, शारदा कुमार साहू, विद्यालय की प्राचार्य किरण साहू, संतोष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *