सुकमा : 89अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुराने और अनुपयोगी विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान दुर्घटना हो गई। इस घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दो को सामान्य चोटें लगी हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए कोन्टा के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, CRPF की कोन्टा रेंज के अंतर्गत आने वाले पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में निरीक्षण तथा शेष बचे अनुपयोगी विस्फोटकों के सुरक्षित निपटान के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) 8 अक्टूबर को एलार्मडगु कैंप पहुंची थी।

विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास चल रही थी। इसी दौरान दुर्घटनावश विस्फोटक का एक अंश उछलकर पास में गिरा और उसमें ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से मौके पर तैनात चार अधिकारी और जवान घायल हो गए।घायलों में ATT टीम के एएसआई एम.के. तिवारी और CRPF की 50वीं वाहिनी के एएसआई अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आई हैं।घटना के बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार देकर तत्काल कोन्टा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों जवानों को जरूरत के अनुसार उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई गई है।