राजनांदगांव। पुलिस चौकी चिचोला, थाना छुरिया पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने के मामले में 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को नाबालिग की मां ने चौकी चिचोला में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी 2 अक्टूबर को सुबह करीब 11:30 बजे से लापता है।
परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन बालिका का पता नहीं चला। परिजनों ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। मामले में अपराध क्रमांक 190/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम लगातार बालिका और आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 5 अक्टूबर को सूचना मिली कि बालिका को ग्राम खपरीकला निवासी पुनीत यादव (21) के घर में रखा गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बालिका को सकुशल बरामद किया।

पूछताछ में आरोपी द्वारा बालिका को 2 अक्टूबर को उसके घर से मोटरसाइकिल से ग्राम खपरीकला ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। इसके बाद घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और पुरानी इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 ML 9817 को जब्त किया गया।आरोपी पुनीत यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक मुकेश्वर ध्रुव, सउनि बीरेन्द्र नाविक, आरक्षक गजेन्द्र भारद्वाज, आरक्षक प्रदीप सोनी, आरक्षक केश लाल रात्रे और महिला आरक्षक कुसुम एक्का की महत्वपूर्ण भूमिका रही।