राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज की पहली नियुक्ति, अमित तांडी बने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष

Uncategorized

नई दिल्ली/रायपुर, 20 सितंबर 2026। गांड़ा समाज को देशभर में एकजुट कर सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से गठित राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज (RGM) ने संगठन विस्तार की दिशा में अपना पहला महत्वपूर्ण कदम उठाया है। महासमाज ने अपनी पहली संगठनात्मक नियुक्ति करते हुए दिल्ली के रियल एस्टेट कारोबारी एवं समाजसेवी अमित तांडी को दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।

राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज की स्थापना के बाद पहली बार संगठन के संस्थापक अधिवक्ता भगवानू नायक, राष्ट्रीय प्रभारी बनमाली छुरा एवं राष्ट्रीय युवा प्रभारी आशीष तांडी दिल्ली पहुंचे। दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर समाज के लोगों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत किया। इसके पश्चात दिल्ली स्थित एक निजी होटल में नुआखाई मिलन समारोह एवं सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के प्रतिनिधियों ने नुआखाई की परंपरा के अनुरूप एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं तथा गांड़ा समाज को देशभर में संगठित करने, नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने, सामाजिक चेतना बढ़ाने और समाज को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानजनक पहचान दिलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के संस्थापक अधिवक्ता भगवानू नायक ने कहा, “दिल्ली केवल देश की राजधानी नहीं, बल्कि पूरे भारत की आवाज का प्रमुख केंद्र है। दिल्ली से उठने वाली आवाज देश के कोने-कोने तक पहुंचती है। इसलिए राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज ने संगठन विस्तार की शुरुआत दिल्ली से करने का निर्णय लिया है। हमारा उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों में रहने वाले गांड़ा समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर समाज को राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।”

राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज के राष्ट्रीय प्रभारी बनमाली छुरा ने कहा, “अब समाज जागरूक हो चुका है। हमें अपनी सामाजिक पहचान और संवैधानिक अधिकारों के प्रति सजग होकर संगठित रूप से आगे बढ़ना होगा। आने वाले समय में राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज देश के विभिन्न राज्यों में संगठन खड़ा करेगा और समाज को एक मजबूत राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।”

राष्ट्रीय युवा प्रभारी आशीष तांडी ने कहा, “हम बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलते हुए संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से समाज को उसके अधिकारों के प्रति जागरूक करेंगे। विशेष रूप से युवाओं को शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना हमारी प्राथमिकता होगी। युवा शक्ति ही समाज के भविष्य को नई दिशा दे सकती है।”

नवनियुक्त दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अमित तांडी ने अपनी नियुक्ति पर संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “हमारे लिए समाज प्रथम की भावना सर्वोपरि होनी चाहिए। मैं स्वयं एक गरीब परिवार और गांव से निकलकर पहले शहर और फिर देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंचा हूं। मेरा सपना है कि हमारे समाज का प्रत्येक भाई-बहन शिक्षा और मेहनत के बल पर आगे बढ़े, अपने परिवार और समाज का नाम रोशन करे। दिल्ली में गांड़ा समाज को संगठित और मजबूत करने के लिए मैं पूरी निष्ठा से कार्य करूंगा।”

बैठक में यह भी संकल्प लिया गया कि राष्ट्रीय गांड़ा महासमाज का संगठनात्मक विस्तार चरणबद्ध रूप से छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, महाराष्ट्र सहित देश के उन विभिन्न राज्यों में किया जाएगा, जहां गांड़ा समाज के लोग निवासरत हैं। समाज के शिक्षित युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वरिष्ठजनों को संगठन से जोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत सामाजिक नेटवर्क तैयार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *