अम्बिकापुर से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की शुरुआत, बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण

Uncategorized

अम्बिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अम्बिकापुर से अभियान की शुरुआत की। सरगवां स्थित अटल विहार योजना में आयोजित कार्यक्रम में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में वृक्षारोपण के साथ बाउंड्रीवाल और ओपन जिम का लोकार्पण किया गया।मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधरोपण का अभियान नहीं, बल्कि मातृशक्ति के सम्मान और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का भावनात्मक संकल्प है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुए इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से व्यापक स्वरूप देना सभी की जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तभी अभियान की वास्तविक सफलता होगी।उन्होंने बताया कि प्रदेश में अभियान के तहत सवा सात करोड़ पौधे लगाए जा चुके हैं। मंत्री ने कहा कि सरगवां कॉलोनी में बाउंड्रीवाल की लंबे समय से मांग की जा रही थी, जिसे मंडल अध्यक्ष की पहल से पूरा कर आज लोकार्पित किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधों को कॉलोनीवासियों के संरक्षण से वृक्ष का रूप मिलता देखकर अभियान की सार्थकता सामने आती है।

मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाएगा। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की अन्य आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आवासीय क्षेत्रों में हरित क्षेत्र बढ़ाकर कॉलोनियों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण-अनुकूल बनाना है।सरगवां स्थित अटल विहार योजना में मंडल द्वारा 9.70 एकड़ भूमि पर लगभग 3859.22 लाख रुपये की लागत से 251 भवनों का निर्माण एवं विकास कराया गया है। इनमें 14 HIG, 12 सीनियर MIG, 40 जूनियर MIG, 63 LIG और 122 EWS भवन शामिल हैं। योजनांतर्गत बाउंड्रीवाल, डब्ल्यूएमएम सड़क सहित शेष निर्माण एवं विकास कार्य भी पूर्ण किए गए हैं।कार्यक्रम में कॉलोनी के नन्हे बच्चों ने वृक्षों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के भावनात्मक संदेश को प्रभावी ढंग से सामने रखा।कार्यक्रम की अध्यक्षता सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज ने की।

विशिष्ट अतिथियों में अम्बिकापुर महापौर मंजूषा भगत, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, जिला पंचायत अध्यक्ष सरगुजा निरुपा सिंह, नगर निगम अम्बिकापुर सभापति हरमिन्दर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत सदस्य दिव्या सिंह सिसोदिया और भाजपा जिला अध्यक्ष सरगुजा भारत सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं कॉलोनीवासी मौजूद रहे।कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों और मंडल अधिकारियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण के साथ अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *