पटना/लखनऊ। नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में दिखाई देने लगा है। नेपाल के तराई क्षेत्रों में बारिश के बाद कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बिहार में गंडक समेत कई नदियां खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई हैं, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है, जबकि जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
नेपाल में बढ़ते जलस्तर का असर उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों महराजगंज और कुशीनगर में भी चिंता बढ़ा रहा है। सीमा से सटे इलाकों में प्रशासन और स्थानीय एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
नेपाल के बाढ़ पूर्वानुमान विभाग ने कपिलवस्तु, कंचनपुर, बांके और मोरंग जिलों में संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों की ओर जाने की अपील की गई है।
लगातार बारिश के बीच नदी क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने से आने वाले घंटों में बिहार और यूपी के सीमावर्ती इलाकों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।