अमलेश्वर, 25 अगस्त 2026। तृतीय वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF), अमलेश्वर में सेनानी श्रीमती मेघा टेम्भूरकर के निर्देशन में जवानों के लिए ‘जागृति’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जवानों को नशे से दूर रहने के लिए आत्मबल एवं इच्छाशक्ति मजबूत करने के साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना था।
कार्यक्रम में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) के प्रशिक्षकों ने जवानों को अग्निशमन, आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं राहत कार्य तथा विभिन्न आपातकालीन परिस्थितियों से सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

SDRF के प्रशिक्षक आर. 44 आशीष सिन्हा, आर. 213 हबीब खान, आर. 191 चंद्र प्रकाश, आर. 64 सूरज भाड़ेकर, आर. 290 विनय कुमार यादव, आर. 182 महेश गर्धव एवं आर. 204 शारदा प्रसाद ने आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशमन उपकरणों के उपयोग तथा आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के संबंध में प्रशिक्षण दिया।a
वहीं, श्रीराम चंद्र मिशन आश्रम से नारायण शर्मा, नीलू शर्मा एवं दिलीप तिवारी ने जवानों को नशे से दूर रहने, आत्मबल एवं इच्छाशक्ति मजबूत करने तथा सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में तृतीय वाहिनी CAF के कुल 88 जवानों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के माध्यम से जवानों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ ही आपदा एवं आकस्मिक परिस्थितियों में स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यावहारिक कौशल प्रदान किए गए।
सेनानी मेघा टेम्भूरकर ने कहा कि पुलिस बल के जवानों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त होना जरूरी है। इसके साथ ही उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने में भी सक्षम होना चाहिए। इस प्रकार के प्रशिक्षण से जवानों की कार्यक्षमता और आपदा प्रबंधन क्षमता और अधिक सुदृढ़ होती है।