सांसद विजय बघेल ने ध्वजारोहण कर परेड की ली सलामी, मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन

Uncategorized

बेमेतरा, 15 अगस्त। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके बाद पुलिस एवं अन्य प्लाटूनों ने गार्ड ऑफ ऑनर प्रस्तुत किया।

सांसद विजय बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ नागरिकों की खुशहाली के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। इसके बाद उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

परेड में दिखा अनुशासन और राष्ट्रसेवा का जज्बा

रक्षित निरीक्षक प्रवीण कुमार खलको के नेतृत्व में आयोजित परेड में जिला पुलिस बल पुरुष एवं महिला, एनसीसी, स्काउट-गाइड और रेडक्रॉस के दल शामिल हुए। सांसद विजय बघेल ने परेड का निरीक्षण किया। विभिन्न प्लाटूनों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रदर्शन किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान

समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले सेनानियों तथा देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। लोकतंत्र सेनानी स्व. महेश तिवारी के परिवार की ओर से शारदा तिवारी का भी सम्मान किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीएम जवाहर नवोदय विद्यालय बहेरा कुसमी ने प्रथम, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय बेमेतरा ने द्वितीय और अम्बो पब्लिक स्कूल बेमेतरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

परेड में जिला पुलिस बल अव्वल

परेड में जिला पुलिस बल प्लाटून नंबर 1 ने प्रथम, जिला पुलिस बल प्लाटून नंबर 2 ने द्वितीय और नगर सेना प्लाटून नंबर 3 ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर डिवीजन में शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा एनसीसी प्लाटून नंबर 4 प्रथम रहा। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बेमेतरा रेडक्रॉस प्लाटून नंबर 7 ने द्वितीय तथा एलंस सैनिक स्कूल बीजाभाट सैनिक प्लाटून नंबर 6 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समारोह में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि अजय साहू, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *