रायपुर, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का विराट नजारा देखने को मिला। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में निकली विशाल तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में नागरिक, युवा, महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और भारत माता की जय तथा वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।यात्रा पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम से शुरू होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर अंडरब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और सीएसईबी चौक होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंची।

रास्तेभर विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।यात्रा में बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं मोटरसाइकिलों पर तिरंगा लेकर शामिल हुए। केसरिया साफे पहने युवाओं और हाथों में राष्ट्रध्वज लिए नागरिकों ने पूरे मार्ग को तिरंगामय कर दिया।राजेश मूणत ने कहा कि यह यात्रा किसी एक व्यक्ति या संगठन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि रायपुर पश्चिम की जनता के राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय स्वाभिमान की सामूहिक अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, एकता, अखंडता और करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक है।सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर हजारों नागरिकों का एक साथ तिरंगा लेकर निकलना देश के प्रति लोगों के अटूट प्रेम और सम्मान को दर्शाता है।भारत माता चौक पर 51 पंडितों ने की आरतीशाम करीब 6 बजे तिरंगा यात्रा भारत माता चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इसके बाद 51 पंडितों द्वारा गंगा आरती की तर्ज पर भारत माता की भव्य आरती की गई। एक साथ प्रज्ज्वलित 51 दीपों, वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच हजारों लोगों ने भारत माता के जयकारे लगाए।इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।आरती के बाद छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध लोकरंग अर्जुंदा के कलाकारों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।राजेश मूणत ने आयोजन की सफलता के लिए नागरिकों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब रायपुर पश्चिम के राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत माता की आरती में प्रज्ज्वलित दीपों की तरह राष्ट्रप्रेम की यह भावना लोगों के हृदय में हमेशा प्रकाशमान रहेगी।