बारसूर। बस्तर की धरती पर राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में निकली भव्य बाइक तिरंगा यात्रा बारसूर पहुंची। यात्रा में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा और भारत माता के जयघोष के साथ बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता ने पूरे क्षेत्र को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।यात्रा के दौरान मंत्री केदार कश्यप स्वयं बाइक पर सवार होकर युवाओं के साथ आगे बढ़े। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के साथ वीर शहीदों के सम्मान का संदेश दिया।

बारसूर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों और कार्यकर्ताओं ने यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।इस अवसर पर मंत्री केदार कश्यप ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है।केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर आज परिवर्तन के ऐतिहासिक दौर से गुजर रहा है।
कभी हिंसा और भय से जोड़ा जाने वाला यह क्षेत्र अब शांति, विकास, विश्वास और राष्ट्रभक्ति की नई पहचान स्थापित कर रहा है। बस्तर का युवा तिरंगा हाथ में लेकर विकसित और समृद्ध बस्तर के निर्माण के लिए आगे बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर में शांति और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि बस्तर के अंतिम छोर तक विकास पहुंचे और यहां के युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलें।उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर में आज बदलाव की नई तस्वीर दिखाई दे रही है।
जिस धरती ने लंबे समय तक हिंसा और नक्सलवाद का दंश झेला, आज उसी धरती पर युवा हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रभक्ति और शांति का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वन मंत्री केदार कश्यप के नेतृत्व में निकली यह तिरंगा यात्रा जन-जन को राष्ट्रभाव से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार नक्सलवाद मुक्त, विकसित और समृद्ध बस्तर के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।बारसूर पहुंची बाइक तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगे के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।