कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक मसाला फैक्ट्री पर बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली हल्दी बनाने के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को फैक्ट्री में असली हल्दी का एक भी टुकड़ा नहीं मिला, जबकि चावल के टुकड़ों में रंग मिलाकर हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था।

खाद्य विभाग की टीम ने पीतांबरा इंटरप्राइजेज नामक मसाला फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली मसाले बनाने का सामान बरामद किया। कार्रवाई के दौरान 77 बोरी चावल के टुकड़े, 42 बोरी तैयार नकली हल्दी पाउडर, मिर्च और धनिया पाउडर के साथ लिक्विड कलर जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चावल के टुकड़ों को पीसकर उनमें पीला रंग मिलाया जाता था और फिर उसे हल्दी पाउडर के रूप में पैक कर बाजार में बेचा जाता था। जब्त किए गए माल की अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने फैक्ट्री से नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद नकली मसालों के कारोबार पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।