जोमैटो डिलीवरी बॉय से चाकू की नोक पर मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Uncategorized

रायपुर : 5 अगस्त। रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जोमैटो डिलीवरी बॉय से चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने वाले एक आरोपी और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त किया है। दोनों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार, जोमैटो डिलीवरी बॉय मुकेश कुमार ध्रुव ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त की रात करीब 1:30 बजे वह कटोरा तालाब स्थित संत कंवरराम चौक के आगे ऑर्डर डिलीवर करने पहुंचा था। वहां एक्टिवा सवार दो युवकों ने पहले ऑर्डर लिया, लेकिन भुगतान मांगने पर गाली-गलौज शुरू कर दी।

इसके बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, आरोपियों के हुलिए और वारदात के तरीके के आधार पर उनकी पहचान की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर नेहरू नगर निवासी भूपेंद्र भारती उर्फ आकु और विधि के साथ संघर्षरत एक बालक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लूट की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, एक अन्य मोबाइल फोन सहित करीब 50 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल और घटना में प्रयुक्त चाकू जब्त किया है। बरामद दूसरे मोबाइल के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।पुलिस के मुताबिक, आरोपी भूपेंद्र भारती उर्फ आकु (20 वर्ष) के खिलाफ कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट के दो मामले पहले से दर्ज हैं और वह जेल भी जा चुका है। वहीं विधि के साथ संघर्षरत बालक पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र के एक नकबजनी मामले में निरुद्ध रह चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *