रायपुर, 22 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति बुधवार को उस समय गरमा गई जब कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सीधे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पर हमला कराने का गंभीर आरोप लगाया। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने पत्रकार वार्ता में दावा किया कि भाजपा का घोषित प्रदर्शन दरअसल सरकार के संरक्षण में कांग्रेस कार्यालय पर किया गया सुनियोजित हमला था, जिसमें राज्य सरकार के कई मंत्री भी शामिल थे।

सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता ट्रैक्टर भरकर पत्थर, लाठियां और पुराने चप्पल लेकर पहुंचे तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पथराव किया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने केवल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पांच आंसू गैस के गोले दागे और वाटर कैनन का इस्तेमाल भी उन्हीं के खिलाफ किया, जबकि भाजपा कार्यकर्ताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस के अनुसार इस घटना में एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता, जिनमें महिला कार्यकर्ता भी शामिल हैं, घायल हुए।कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गृहमंत्री समेत राज्य सरकार के कई मंत्री प्रदर्शन में मौजूद थे, जिससे यह केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं बल्कि पूरी सरकार की कार्रवाई प्रतीत होती है। पार्टी का कहना है कि सत्ता पक्ष ने लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है और विपक्षी दल के कार्यालय पर हमला कर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया गया।कांग्रेस ने राज्यपाल से मांग की है कि इस घटना में शामिल मंत्रियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए। पार्टी ने आरोप लगाया कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर राहुल गांधी के आंदोलन से भाजपा बौखला गई है और उसी की प्रतिक्रिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया।पत्रकार वार्ता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे, प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह, अजय साहू, मीडिया कोऑर्डिनेटर सौरभ साहू एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित रहे।