राहुल गांधी का आचरण लोकतांत्रिक गरिमा के प्रतिकूल, जनता ऐसे राजनीतिक स्टंट को स्वीकार नहीं करेगी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Uncategorized

रायपुर 22 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आवास के बाहर उनका आचरण लोकतांत्रिक मर्यादा के प्रतिकूल और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से इस प्रकार के राजनीतिक स्टंट की अपेक्षा नहीं की जा सकती।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि NEET पेपर लीक जैसे मामले को केंद्र सरकार ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं पेपर लीक को पाप बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की बात कह चुके हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता के साथ आयोजित की गई और उसका परिणाम भी घोषित हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे की आड़ लेकर युवाओं को भ्रमित करने और देश में अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास के बाहर विपक्ष द्वारा किया गया प्रदर्शन लोकतंत्र की गरिमा के अनुरूप नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देश की जनता इस प्रकार की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगी और लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं संवैधानिक मर्यादाओं का सम्मान सर्वोपरि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *