रायपुर। रायपुर नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सफाई व्यवस्था के लिए यूजर चार्ज बढ़ाने के फैसले पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर निगम प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री सुबोध हरितवाल ने इस निर्णय को जनविरोधी बताते हुए इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला कदम करार दिया।हरितवाल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे की तिकड़ी जनता पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई से जूझ रहे लोगों पर अब यूजर चार्ज में भारी वृद्धि थोप दी गई है।

कांग्रेस के अनुसार 500 वर्गफीट तक के मकानों का यूजर चार्ज ₹30 से बढ़ाकर ₹40 कर दिया गया है, जबकि 1000 वर्गफीट तक के मकानों पर सालाना ₹1080 का शुल्क निर्धारित किया गया है। वहीं छोटी दुकानों का यूजर चार्ज ₹80 से बढ़ाकर ₹180 कर दिया गया है। हरितवाल का दावा है कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर रायपुर की करीब 3.60 लाख संपत्तियों पर पड़ेगा।उन्होंने सवाल उठाया कि जब शहर में कई स्थानों पर कचरे के ढेर लगे हैं, नालियां जाम हैं और सफाई व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं, तो आखिर किस आधार पर यूजर चार्ज बढ़ाया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम पहले बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करे, उसके बाद अतिरिक्त शुल्क लेने की बात करे।कांग्रेस ने बढ़े हुए यूजर चार्ज को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम और राज्य सरकार ने निर्णय वापस नहीं लिया, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।