राजनांदगांव। जिले में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बसंतपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लेकर लोगों में दहशत फैलाने वाले हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं अलग-अलग मोहल्लों में हंगामा और अशांति फैलाने वाले चार अन्य असामाजिक तत्वों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।पुलिस के अनुसार नंदई चौक मंच के पास एक युवक के हाथ में धारदार चाकू लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर गौरव यादव (22) निवासी नंदई चौक को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चाकू बरामद किया गया।
आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव यादव के खिलाफ पहले से चोरी, आबकारी, मारपीट, आगजनी और हत्या जैसे गंभीर मामलों सहित कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसे जिले का सक्रिय हिस्ट्रीशीटर मान रही है।इसी अभियान के तहत प्रभातनगर, ढीमरपारा, रानीसागर और बांसपाईपारा क्षेत्रों में सार्वजनिक शांति भंग करने और मोहल्लों में हंगामा करने वाले चार अन्य लोगों के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल भेज दिया गया।यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन (आईपीएस) के निर्देशन में की गई।
बसंतपुर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में असामाजिक और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।