पत्नी और तीन बच्चों की मौत के बाद पिता ने भी दी जान : कर्ज की आशंका

Uncategorized

रायपुर : 18 जुलाई2026 राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर (मदनी चौक) में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 20 लाख रुपये के कर्ज और आर्थिक तंगी से जूझ रहे बैटरी मैकेनिक साजिद अली (50) ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को कथित तौर पर जहर दिया, फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

हालांकि पुलिस ने अभी इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम व एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।मृतकों में साजिद अली, उनकी पत्नी राबिया, 19 वर्षीय बेटा इरशाद अली, 17 वर्षीय बेटी शाहिदा बेगम और 16 वर्षीय बेटी इरशाबा परवीन शामिल हैं। साजिद का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। सभी के मुंह से झाग निकल रहा था, जिससे जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

20 लाख के कर्ज ने तोड़ दिया परिवार :-

पुलिस की प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि साजिद पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज था।

वह मौदहापारा इलाके में बैटरी रिपेयरिंग का काम करता था। बैंक की किस्तों के साथ-साथ निजी उधारी का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कर्ज की वसूली करने वाले लोग अक्सर उसके घर पहुंचते थे, जिससे परिवार पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा था।

बदबू आने पर खुला मौत का राज :-

पड़ोसियों के अनुसार गुरुवार शाम से घर का दरवाजा बंद था। शुक्रवार तक कोई हलचल नहीं होने और घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर का मंजर बेहद दर्दनाक था। एक कमरे में साजिद का शव फंदे से लटका था, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े मिले।

मोबाइल, बैंक खातों और कॉल डिटेल की होगी जांच :-

पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के मोबाइल फोन, बैंक लेन-देन और कॉल डिटेल की जांच की जा रही है। साथ ही परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि कर्ज का वास्तविक स्वरूप क्या था और आर्थिक दबाव कितना गंभीर था।

सूदखोरी के एंगल पर भी जांच :-

स्थानीय लोगों और मकान मालिक के परिजनों ने आशंका जताई है कि साजिद ने कुछ निजी लोगों से ऊंचे ब्याज पर भी रकम उधार ली थी। हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *