बड़पारा में गुंडागर्दी का अंत: राहगीर से शराब के लिए पैसे मांगे, इंकार पर की पिटाई; 24 घंटे में तीन बदमाश गिरफ्तार

Uncategorized

रायगढ़, 12 जुलाई। रायगढ़ पुलिस ने शहर में गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़पारा शराब भट्ठी के पास राहगीरों से मारपीट और धमकी देने वाले तीन बदमाशों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, बड़पारा शराब भट्ठी के आसपास पिछले कुछ दिनों से राहगीरों के साथ विवाद, मारपीट और जबरन पैसे मांगने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। पेट्रोलिंग बढ़ाई गई और संदिग्ध तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

इसी दौरान 10 जुलाई को बेलादुला निवासी बासुदेव मांझी (39) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई कि काम से लौटते समय बड़पारा शराब भट्ठी के पास गुटखा लेने के दौरान विवेक सराफ ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर विवेक ने अपने साथियों अनमोल पाण्डेय और शिवा सोनवानी के साथ मिलकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की।शिकायत मिलते ही कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर त्वरित कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपियों में विवेक सराफ (41 वर्ष), अनमोल पाण्डेय (19 वर्ष) और शिवा सोनवानी (23 वर्ष) शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, सहायक उप निरीक्षक कोसो सिंह जगत एवं कोतवाली थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।एसएसपी का सख्त संदेशवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी, मारपीट और आम नागरिकों में भय का माहौल बनाने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *