नारायणपुर, 10 जुलाई 2026// जिले के विकास को नई गति देते हुए ग्राम पंचायत कुंदला क्षेत्र में सोनपुर–नारायणपुर–मरोड़ा मार्ग पर बासिंग बहार एवं कुमहला नाला के ऊपर निर्मित उच्च स्तरीय पुल का शुक्रवार को लोकार्पण किया गया। लगभग 11.66 करोड़ रुपये (₹1166.39 लाख) की लागत से निर्मित यह पुल क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।लोकार्पण कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, जनप्रतिनिधियों तथा स्थानीय ग्रामीणों की भी उपस्थिति रही।
यह उच्च स्तरीय पुल बनने से विशेषकर बारिश के मौसम में कुंदला नाला पार करने में होने वाली कठिनाइयों से लोगों को राहत मिलेगी। अब क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और कृषि उपज के परिवहन में सुविधा मिलेगी। साथ ही नारायणपुर, मरोड़ा और आसपास के गांवों के बीच संपर्क पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होगा।
ग्रामीणों ने पुल निर्माण के लिए शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देगी। स्थानीय लोगों का मानना हैभी कि इस पुल के चालू होने से वर्षा ऋतु में भी निर्बाध आवागमन संभव हो सकेगा, जिससे जनजीवन और विकास कार्यों को गति मिलेगी।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका के अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, उपाध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा, जिला एवं जनपद पंचायत के सदस्य, नगर पालिका के पार्षदगण, कलेक्टर नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ आकांक्षा शिक्षा खलखो, अपर कलेक्टर बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, संयुक्त कलेक्टर डॉ सुमित गर्ग सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।