हर परिवार की सुरक्षा का मजबूत संबल बनी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

Uncategorized

रायपुर : उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर, अटल नगर स्थित शासकीय निवास कार्यालय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के जनजागरूकता अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के 6 हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपए के बीमा क्लेम के चेक प्रदान किए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान 12 हजार से अधिक हितग्राहियों को लगभग 240 करोड़ रुपए की बीमा सहायता दी जा चुकी है। साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम नागरिकों, विशेषकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनी है। मात्र 436 रुपए के वार्षिक अंशदान पर मिलने वाला दो लाख रुपए का बीमा संकट की घड़ी में परिवार को बड़ा संबल देता है। यह योजना अंत्योदय और जनकल्याण के संकल्प को साकार करने का प्रभावी माध्यम है।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि, वर्ष 2014 के बाद देश में जनकल्याण की सोच के साथ कई बड़े परिवर्तन हुए हैं। पहले बैंकिंग और बीमा जैसी सुविधाएं सीमित वर्ग तक ही पहुंचती थीं, लेकिन जनधन योजना के माध्यम से हर परिवार को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया। आज गांव का सामान्य व्यक्ति भी बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा रहा है और सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उसके खाते में पहुंच रहा है। साव ने कहा कि पहले जीवन बीमा को केवल संपन्न लोगों की आवश्यकता माना जाता था, लेकिन आज गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए भी यह उतना ही महत्वपूर्ण है। किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार पर आर्थिक संकट आ जाता है। ऐसे समय में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के माध्यम से मिलने वाली दो लाख रुपए की सहायता परिवार को संभलने का अवसर देती है।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने वित्तीय समावेशन को मजबूत करने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी पहल हर परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में एसबीआई लाइफ प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की लीड एजेंसी के रूप में कार्य कर रही है।

7 हजार से अधिक एजेंटों के माध्यम से लोगों तक बीमा सुरक्षा पहुंचाई जा रही है। छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक, एसबीआई बैंक और एसबीआई लाइफ केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस एमडी एवं सीईओ अमित झिंगरन , बिजनेस स्ट्रेटजी प्रेसिडेंट संतोष चाको , वेस्ट जोन के जोनल डायरेक्टर राजीव श्रीवास्तव , भोपाल रीजनल डायरेक्टर अमित कुमार साहा , एसबीआई अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *