गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 09 जुलाई 2026/ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने आज पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत पतगवां एवं लटकोनी का भ्रमण कर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने हितग्राहियों से चर्चा कर आवास निर्माण की स्थिति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

रावटे ने निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा जिन आवासों का कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों, सचिवों एवं मैदानी अमले को दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी अधिकारी नियमित रूप से मैदानी भ्रमण कर निर्माण कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करें तथा प्रत्येक स्वीकृत आवास को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करें।
उल्लेखनीय है कि वित्तीय वर्ष 2024-26 में ग्राम पंचायत पतगवां में कुल 225 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 100 आवास पूर्ण, 75 निर्माणाधीन तथा 50 आवासों का कार्य अप्रारंभ है। इसी तरह ग्राम पंचायत लटकोनी में कुल 130 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 89 आवास पूर्ण, 9 निर्माणाधीन तथा 32 आवासों का कार्य अप्रारंभ है।