मल्हारगढ़ : मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामले में बाइक चोरों ने दिनदहाड़े एक मोटरसाइकिल चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। खास बात यह है कि जिस स्थान से बाइक चोरी हुई, वहां से डायल-112 वाहन का 10 मीटर और मल्हारगढ़ थाना करीब 200 मीटर की दूरी पर स्थित है।पीड़ित संजय पिता रामचंद्र गुप्ता, निवासी स्टेशन रोड मल्हारगढ़ ने थाने में लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी हीरो होंडा पैशन प्रो (काले रंग) क्रमांक MP14MH-4277 6 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 2:15 बजे घर के पास गली में खड़ी थी। शाम करीब 5 बजे बाहर आने पर बाइक मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब दो महीनों में मल्हारगढ़ क्षेत्र से 9 मोटरसाइकिलें, 1 भैंस और 3 पाड़िया (भैंस वंश) चोरी हो चुकी हैं।

लोगों का आरोप है कि अब तक चोरी गई एक भी मोटरसाइकिल बरामद नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।रहवासियों का कहना है कि पुलिस शिकायतें तो लेती है, लेकिन कई मामलों में समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। कुछ लोगों का यह भी आरोप है कि आवेदन पर प्राप्ति की सील तक नहीं लगाई जाती, जिससे शिकायतकर्ता के मन में कार्रवाई को लेकर संदेह बना रहता है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नगरवासियों में भय और नाराजगी का माहौल है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शीघ्र पहचान कर गिरफ्तारी की जाए, चोरी गए वाहनों और पशुओं की बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा नगर में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाए।