रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त अभियान छेड़ रखा है। बुधवार रात चलाए गए विशेष अभियान में 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने शहर के 9 प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर से जांच की। कार्रवाई के दौरान 27 कार, 3 पिकअप, 7 ट्रक/मेटाडोर और 2 दोपहिया वाहन चालक नशे की हालत में मिले।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के 3,633 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। यह आंकड़ा बताता है कि सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अब पूरी तरह ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है।सहायक पुलिस आयुक्त सतीश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाना और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।यातायात पुलिस की अपील:यदि आपने शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन किया है तो वाहन बिल्कुल न चलाएं।
सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। आपकी एक छोटी सी लापरवाही किसी की जान ले सकती है।