रायपुर। रायपुर पुलिस ने रावांभाठा स्थित कामाख्या इंटरप्राइजेज कंपनी में हुई 2.42 लाख रुपये की कॉपर रोप, कॉपर प्लेट और ब्रास राउंड चोरी का खुलासा करते हुए दो चोरों समेत चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का पूरा सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।पुलिस के अनुसार, 11 जून की देर रात कंपनी की दीवार फांदकर बदमाशों ने करीब 50 किलो कॉपर रोप, 50 किलो कॉपर प्लेट और 75 किलो ब्रास राउंड चोरी कर लिया था। 18 जून को कंपनी कर्मचारी की शिकायत पर थाना खमतराई में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध चोरी का सामान ले जाते दिखाई दिए। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पन्नालाल पवार और आकाश पारधी उर्फ बुटानु को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने चोरी की वारदात कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने चोरी का सामान मोटरसाइकिल से ले जाकर एक कबाड़ी को बेच दिया था।इसके बाद पुलिस ने कबाड़ी राकेश कुमार पासवान की दुकान पर छापा मारकर चोरी का सामान बरामद कर लिया। साथ ही वारदात में प्रयुक्त होंडा एसपी मोटरसाइकिल (CG 04 PQ 8968) भी जब्त कर ली गई।पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:-
पन्नालाल पवार (35), उरला, रायपुरआकाश पारधी उर्फ बुटानु (21), उरला, रायपुर
राकेश कुमार पासवान (29), वर्तमान निवासी कैलाश नगर, बीरगांव,
रायपुरपुलिस का कहना है कि चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।