रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठां के हृदयलाल चौक में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ESIC अस्पताल के पास तालाब किनारे एक विकसित भ्रूण मिलने की सूचना सामने आई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी स्थान पर विकसित भ्रूण मिलने की यह दूसरी घटना है।

इससे पहले भी यहां इस तरह का मामला सामने आ चुका है, जिसके कारण लोगों में नाराजगी और चिंता दोनों बढ़ गई है। नागरिकों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा भ्रूण को यहां फेंककर फरार हो गया है।
घटना की सूचना तत्काल खमतराई पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि भ्रूण को यहां कौन और कब छोड़कर गया।सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर विकसित भ्रूण यहां तक पहुंचा कैसे? क्या इसके पीछे किसी अस्पताल, क्लिनिक या अवैध गतिविधि का कनेक्शन है, या फिर किसी ने सबूत मिटाने की नीयत से इसे यहां फेंका!
इन तमाम सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।फिलहाल पुलिस ने भ्रूण को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।अब निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि क्या इस शर्मनाक और संवेदनशील मामले के पीछे छिपे आरोपी तक पुलिस पहुंच पाएगी या नहीं।