रायपुर। उरला थाना क्षेत्र के बेन्द्री स्थित श्री धनीराम बायो एनर्जी कंपनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का रायपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक युवक और चार विधि के साथ संघर्षरत बालकों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया लगभग 3.50 लाख रुपये मूल्य का पूरा मशरूका बरामद कर लिया है।जानकारी के अनुसार कंपनी में रखी 16 लाइटें, 100 फीट केबल, वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, ब्लोवर, ड्रिल मशीन, वायर के बंडल सहित अन्य मशीनरी और उपकरण चोरी हो गए थे। घटना की शिकायत मिलने के बाद उरला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, कंपनी कर्मचारियों और मजदूरों से पूछताछ की तथा मुखबिरों को सक्रिय किया।

इसी दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने उरला निवासी संदीप निषाद उर्फ गोलू (20 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।इसके बाद पुलिस ने मामले में शामिल चार विधि के साथ संघर्षरत बालकों को भी पकड़ लिया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया।पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ उरला थाना में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कंपनी में हुई बड़ी चोरी का इतने कम समय में खुलासा होने से पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है।