योग, स्वास्थ्य और जनजागरण का महाअभियान: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के संकल्प को जिले में साकार कर रहे कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन

Uncategorized

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 21 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले में आयोजित जिला स्तरीय सामूहिक योग कार्यक्रम केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वस्थ, नशामुक्त और पर्यावरण-संवेदनशील छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने का सशक्त माध्यम बना। शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पेंड्रा के असेंबली हॉल में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में हजारों लोगों ने योग, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता का संदेश आत्मसात किया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार योग, स्वास्थ्य संवर्धन, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में जिले में योग दिवस का व्यापक और सुव्यवस्थित आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मरवाही प्रणव कुमार मरपची ने योग को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

वहीं कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन की मौजूदगी में योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि योग के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्रमुखता दी गई। नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवन का आधार है। जिले में योग, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण को लेकर निरंतर जनजागरण अभियान चलाए जाएंगे, ताकि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की स्वस्थ और समृद्ध छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को साकार किया जा सके।कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का जिले की विशिष्ट पहचान आयुर्वेद माला एवं विष्णुभोग चावल भेंट कर सम्मान किया गया। योग, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से परिपूर्ण यह आयोजन जिले में जनभागीदारी और जनजागरूकता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *