कलेक्टर संतोष देवांगन और सचिव मुकेश बंसल की मॉनिटरिंग से रफ्तार पकड़ी 17 करोड़ की कंपोजिट बिल्डिंग, अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य

Uncategorized

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 जून। जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में बन रही 17 करोड़ रुपये की अत्याधुनिक कंपोजिट बिल्डिंग का बुधवार को लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश बंसल ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण एजेंसी को अगस्त माह के अंत तक सभी कार्य उत्कृष्ट गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने भी परियोजना को समयसीमा में पूरा कराने के लिए विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश बंसल ने कलेक्टर चेंबर, कलेक्टर न्यायालय, मीटिंग हॉल, वेटिंग रूम, आवक-जावक शाखा, पोर्च, लिफ्ट सहित विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने भवन में लगाए जा रहे टाइल्स, ग्रेनाइट, विद्युत वायरिंग और अन्य फिनिशिंग कार्यों की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

सचिव बंसल ने कलेक्टर न्यायालय और मीटिंग हॉल में आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य मार्ग से भवन तक पहुंच मार्ग, बाउंड्री वॉल, पार्किंग, कैंटीन और परिसर विकास के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन को विभिन्न विभागों के लिए कक्ष आवंटन की प्रक्रिया समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि भवन तैयार होते ही सभी प्रशासनिक कार्यालयों का संचालन एक ही परिसर से शुरू किया जा सके। कलेक्टर देवांगन ने भी अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिले के लिए यह कंपोजिट बिल्डिंग एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक सौगात साबित होगी, जहां विभिन्न विभागों के कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होंगे। इससे आम नागरिकों को सरकारी कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और सेवाएं अधिक सुगम होंगी।

निरीक्षण के दौरान प्रमुख अभियंता लोक निर्माण व्ही.के. भतपहरी, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे, कार्यपालन अभियंता नित्य कुमारी ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *