मथुरा। धर्म और आध्यात्म का चोला ओढ़कर युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले कथित साधु अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकार्ता नारायण दास को गोवर्धन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्रवचनों के जरिए युवतियों से संपर्क बनाता था, फिर उन्हें अपने निवास पर बुलाकर नशीला प्रसाद खिलाता और यौन शोषण का शिकार बनाता था।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने कृत्यों को छिपाने के लिए पीड़िताओं की आपत्तिजनक और नग्न तस्वीरें भी खींचता था। बाद में इन्हीं तस्वीरों के आधार पर उन्हें ब्लैकमेल कर दबाव बनाता था। मामले का खुलासा तब हुआ जब छत्तीसगढ़ की एक युवती ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए गोवर्धन पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा जब उसके मोबाइल फोन की जांच की गई तो उसमें करीब 12 युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने राधाकुंड स्थित उसके निवास पर छापा मारा, जहां से दो युवतियों को बरामद कर मुक्त कराया गया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी मूल रूप से ओडिशा का निवासी है। उसने रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी और एक निजी कंपनी में करीब 20 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर नौकरी कर चुका था। बाद में उसने नौकरी छोड़कर आध्यात्मिक दुनिया में प्रवेश किया और कथित तौर पर इसी पहचान का इस्तेमाल कर युवतियों को अपने प्रभाव में लेता रहा।पुलिस अब आरोपी के संपर्क में रही अन्य युवतियों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि मामले में और भी पीड़िताएं सामने आ सकती हैं। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।