रायपुर : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ रियासत के युवराज और जोगी कांग्रेस के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद यह सीट खाली है, जिसके बाद खैरागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव की सरगर्मी तेज हो गई है। राजा के इस गढ़ में 12 अप्रैल को मतदान होना है. प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। राज्य में सत्ताधारी दल कांग्रेस ने आज खैरागढ़ सीट से अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान कर दिया है। लोधी बाहुल्य वोटर्स वाले खैरागढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस ने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष यशोदा वर्मा को प्रत्याशी बनाया है। यशोदा वर्मा के साथ साथ उनके पति ने भी अपना नाम पार्टी को दिया था, लेकिन पार्टी ने महिला वर्ग को बढ़ावा देते हुए कांग्रेस द्वारा महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा है।