रायपुर, 21 मई 2026। राजधानी रायपुर में चैन स्नैचिंग की एक घटना में साहस और सजगता दिखाने वाले दो नागरिकों को पुलिस ने सम्मानित किया है। घटना थाना सिविल लाइन क्षेत्र की है, जहां एक युवक ने एक युवती के गले से सोने की चैन छीनने का प्रयास किया था।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया कृतिका यदु निवासी बैरन बाजार पैदल जिम जा रही थीं,

तभी एसबीआई बैंक रीजनल कार्यालय के पास एक युवक ने उनके गले से चैन छीनने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 286/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी रेहान साहू, निवासी गोलबाजार को गिरफ्तार कर लिया।इस दौरान आम नागरिकों ने भी साहस और तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने में पुलिस का सहयोग किया। पुलिस ने इस सराहनीय भूमिका के लिए पेंशन बाड़ा निवासी हिमांशु सोनी और काशीराम नगर निवासी शोभरन सिंह ठाकुर को सम्मानित किया।आज पुलिस आयुक्त रायपुर संजीव शुक्ला ने दोनों नागरिकों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और सुरक्षित समाज के निर्माण में आम नागरिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।