रायपुर। राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में देर रात हुए चाकूबाजी कांड से इलाके में सनसनी फैल गई। मौदहापारा निवासी 16 वर्षीय युवक मोहम्मद सद्दाम पर पुराने विवाद को लेकर जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद फरार हुए दोनों आरोपियों को रायपुर क्राइम ब्रांच और थाना गंज पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक, 13 और 14 मई की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे मोहम्मद सद्दाम अपने दोस्तों मोहम्मद अमन और रिहान के साथ नहरपारा चौक के पास मौजूद था। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पास हुए पुराने विवाद और पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी पक्ष से फिर कहासुनी शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि सद्दाम और उसके साथी आरोपी शाहिद उर्फ बंटा की गाड़ी का पीछा करते हुए नहरपारा चौक तक पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान आरोपी शाहिद उर्फ बंटा ने चाकू निकालकर सद्दाम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम एक्टिव हो गई। पुलिस ने तत्काल इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। ताबड़तोड़ दबिश देकर एक आरोपी को मौदहापारा और दूसरे आरोपी को सेजबहार इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।
गिरफ्तार आरोपी:- मोहम्मद शाहिद उर्फ बंटा, निवासी मस्जिद कॉलोनी, मौदहापारादेवनारायण साहू, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेजबहार
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गंज में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।