रायपुर/बालोद। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर अटल नगर स्थित शासकीय निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से नगर पंचायत गुण्डरदेही में अटल परिसर एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत गुण्डरदेही के विभिन्न विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपए देने की बड़ी घोषणा भी की।उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व और कृतित्व देश के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्र निर्माण और जनकल्याण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।

साव ने कहा कि गुण्डरदेही में तैयार किया गया अटल परिसर केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति, सेवा और सुशासन की प्रेरणा का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि अटल जी की सोच गांव, गरीब, किसान और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने की थी, उसी संकल्प के साथ राज्य सरकार काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और नगर पंचायत के अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। उप मुख्यमंत्री की घोषणा से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।