रायपुर : 13 मई 2026।छत्तीसगढ़ में उद्योगों की स्थापना को लेकर बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव Bhupesh Baghel ने भाजपा सरकार पर ग्रामसभाओं के अधिकारों को कुचलने, फर्जी NOC के जरिए उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने और ग्रामीणों की आवाज दबाने का गंभीर आरोप लगाया है।कांग्रेस की पत्रकार वार्ता में बड़ी संख्या में ग्राम अलदा और देवरी-घुलघुल के ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मंत्री टंक राम वर्मा के करीबी बताए जा रहे अनिल अग्रवाल पर स्पंज आयरन फैक्ट्री खोलने के नाम पर धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के आरोप लगाए।

भूपेश बघेल ने कहा कि ग्राम अलदा में बालाजी स्पंज एंड आयरन लिमिटेड और देवरी-घुलघुल में अग्रसेन स्टील एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना के लिए संदिग्ध और गैर-संवैधानिक प्रक्रियाएं अपनाई गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामसभा की अनुमति में अतिरिक्त लाइनें जोड़कर फर्जी सहमति तैयार की गई, जबकि दूसरे मामले में बिना ग्रामसभा बैठक बुलाए ही NOC जारी कर दी गई।
उन्होंने दावा किया कि मामले की जांच जनपद पंचायत तिल्दा और तहसील स्तर की समिति ने की, जिसमें प्रस्ताव को फर्जी पाया गया। बावजूद इसके अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।भूपेश बघेल ने कहा कि जब पूर्व उपसरपंच लखनलाल वर्मा ने इस कथित फर्जीवाड़े का विरोध किया, तो उन्हें राजस्व और पुलिस विभाग द्वारा प्रताड़ित किया गया। यहां तक कि उनके घर की बाउंड्रीवाल के लिए बनाई गई ईंटों को जब्त कर लाखों का फर्जी आंकड़ा दिखाया गया।उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में आयोजित जनसुनवाई में विरोध दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीणों के आवेदन तक अधिकारियों ने लेने से इनकार कर दिया, जबकि दूसरी ओर “दलालों के माध्यम से फर्जी समर्थन पत्र” जुटाए गए।
“उद्योगपतियों को संरक्षण, ग्रामीणों की आवाज पर दमन” :-
भूपेश बघेल ने कहा कि पंचायत के पंचों ने शपथ पत्र देकर साफ कहा है कि न तो कोई बैठक हुई और न ही वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई। इसके बावजूद जांच को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा है ताकि उद्योगों को फायदा पहुंचाया जा सके।उन्होंने मांग की कि फर्जी NOC और उसके आधार पर दी गई सभी अनुमतियों को तत्काल निरस्त कर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों पर एफआईआर दर्ज हो।मोदी पर सीधा हमला —
“देश नहीं संभल रहा तो जनता से कह रहे कम उपयोग करो” :-
प्रेस वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi पर तीखा हमला बोलते हुए भूपेश बघेल ने कहा कि मोदी सरकार की नीतियां देश के लिए “घातक” साबित हो रही हैं।उन्होंने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन जैसे फैसलों ने देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया और अब हालात ऐसे हैं कि प्रधानमंत्री जनता से हर चीज में कटौती करने की अपील कर रहे हैं।बघेल ने कहा,“प्रधानमंत्री किसानों से कह रहे हैं खाद कम उपयोग करो, महिलाओं से कह रहे हैं तेल और गैस कम खर्च करो, लोगों से कह रहे हैं विदेश मत जाओ, सोना मत खरीदो। यानी सरकार अपनी नाकामी छिपाने के लिए जनता पर बोझ डाल रही है।”उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री जनता को विदेश यात्रा से रोक रहे हैं, वहीं खुद विदेश दौरों की तैयारी कर रहे हैं।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि देश में वर्षों से उर्वरकों की कमी है, किसान महंगा खाद खरीदने को मजबूर हैं और सरकार समाधान देने के बजाय केवल अपील कर रही है।लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांगपूर्व मुख्यमंत्री ने मौजूदा वैश्विक और आर्थिक संकट पर लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार दुनिया के हालात का सही आकलन करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युद्ध जैसे गंभीर वैश्विक संकट के 72 दिन बाद प्रधानमंत्री ने प्रतिक्रिया दी, लेकिन अब तक विपक्षी दलों की बैठक तक नहीं बुलाई गई।पत्रकार वार्ता में कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, शैलेश नितिन त्रिवेदी, विधायक अटल श्रीवास्तव, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, अजय साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।