लोकवाणी के ज़रिए सरकार की पहल, योजनाओं और प्रयासों को जानने का मिल रहा बेहतरीन अवसर 

Chhattisgarh

धमतरी : दिनांक 8 सितम्बर 2019, प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दूसरी रेडियो वार्ता लोकवाणी के सार्वजनिक श्रवण की व्यवस्था धमतरी के संबलपुर स्थित शासकीय हाइस्कूल परिसर में की गई थी। रिमझिम बारिश के बावजूद मुख्यमंत्री के विचार सुनने बड़ी तादाद में ग्रामीण, युवा और महिलाएं उपस्थित थीं। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा प्रणाली में किये जा रहे बदलाव, शिक्षाकर्मियों का संविलियन, नई भर्ती, सहायक प्राध्यापकों की भर्ती प्रक्रिया के लिए की जा रही व्यवस्था , प्रदेश में आरक्षण में वृद्धि इत्यादि के संबंध में जानकारी दी । साथ ही श्रोताओं द्वारा किये गए प्रश्नों का उत्तर भी दिए। लोकवाणी सुनने के बाद जिला पंचायत सदस्य  निशु चंद्राकर ने प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षाकर्मियों के संविलियन को सराहनीय पहल बताया जिससे शिक्षाकर्मियों में हर्ष है।साथ ही उम्मीद जताई कि 15000 नियमित शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर परिणाम मिलेंगें। ज़िला पंचायत सदस्य श्रीमती कविता बाबर ने राज्य सरकार द्वारा निशुल्क शिक्षा को 8 वी से बढ़ाकर 12 वी तक करने की पहल की भूरि- भूरि प्रशंसा करते हुए खुशी व्यक्त की कि अब 4000 विद्यार्थियों को इस विस्तार से कक्षा नवमी में प्रवेश मिला है। श्री मोहन लालवानी ने लोकवाणी को जनता से मुख्यमंत्री के सीधे जुड़ाव का माध्यम बताया , जहां मुख्यमंत्री बघेल ना केवल सरकार की नई योजनाओं, विचारों को रखते हैं बल्कि श्रोताओं के सवालों का जवाब भी देते हैं । सरपंच संबलपुर  सरोज रामटेके ने रेडियो वार्ता लोकवाणी को सुनने के बाद कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री के विचार निश्चिंत तौर पर युवाओं में नई ऊर्जा भर देंगे। बिहान की महिला सदस्यों  नंदा निषाद, सुनीता साहू इत्यादि ने आज लोकवाणी सुन सामुहिक प्रसन्नता जताई कि प्रदेश के मुख्यमंत्री नित नई योजनाओं के ज़रिए लोगों के जीवन की दशा – दिशा बेहतर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही मुख्यमंत्री लोकवाणी के ज़रिए महिलाओं को सशक्त करने स्व सहायता समूह की महिलाओं के लिए अलग से उदबोधन करेंगे। गांव के बुजुर्ग जय सिंह जो कि किसान हैं और छोटा सा किराना दुकान संचालित करते हैं लोकवाणी सुनने के बाद कहते हैं कि राज्य सरकार ने पिछले 6 – 7 माह में किसान, युवाओं, शिक्षा व्यवस्था में बेहतरी के लिए जो प्रयास किये हैं वे प्रशंसनीय हैं।उनका कहना है कि रेडियो वार्ता लोकवाणी वास्तव में सरकार की नई योजनाओं , प्रयासों और भविष्य की संभावनाओ के बारे में जानने का बेहतरीन ज़रिया है। संबलपुर में आज रेडियो वार्ता लोकवाणी सुनने सीईओ ज़िला पंचायत  विजय दयाराम के सहित ,जनप्रतिनिधि, ग्रामीण , महिलाएं ,युवा बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *