“छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कांग्रेस के डीएनए में” : राहुल टिकरिहा

Uncategorized

रायपुर। 12वीं बोर्ड के हिंदी पेपर लीक मामले में एनएसयूआई नेता वेणु उर्फ वेणु जंघेल की गिरफ्तारी के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने कहा कि इस गिरफ्तारी ने कांग्रेस और उसके छात्र संगठन का असली चेहरा उजागर कर दिया है।

राहुल टिकरिहा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जिस संगठन को छात्रों के अधिकारों और भविष्य की लड़ाई लड़नी चाहिए, उसका नेता कथित तौर पर पैसों के बदले प्रश्नपत्र बेचते पकड़ा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस से जुड़े लोग शिक्षा व्यवस्था को भी भ्रष्टाचार और अपराध का माध्यम बना चुके हैं।उन्होंने कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव के पुराने बयान “बड़ा नेता बनना है तो जेल जाओ” पर तंज कसते हुए सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस में नेता बनने का यही मापदंड रह गया है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय पीएससी घोटाले जैसे मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ और अब विपक्ष में रहते हुए भी पार्टी के कार्यकर्ता पेपर लीक जैसे गंभीर अपराधों में शामिल पाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपी द्वारा सबूत मिटाने की कोशिश यह संकेत देती है कि मामले के पीछे बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

टिकरिहा ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड की तस्वीरें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व कृषि मंत्री रवीन्द्र चौबे सहित कांग्रेस नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं, जिससे राजनीतिक संरक्षण की आशंका मजबूत होती है।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पहले बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं को ठगा और अब पेपर लीक के जरिए मेहनती छात्रों के भविष्य को नीलाम किया जा रहा है। राहुल टिकरिहा ने कहा कि “एनएसयूआई का नाम अब ‘नकल कराओ, सबसे उगाही करो’ संस्थान हो जाना चाहिए।”भाजयुमो ने मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की मांग की है। टिकरिहा ने कहा कि प्रदेश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *