बीजापुर। जिले के थाना गंगालूर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डोडीतुमनार पटेलपारा पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और थाना गंगालूर की संयुक्त टीम ने सर्चिंग अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, हथियार और तकनीकी उपकरण बरामद किए हैं।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डोडीतुमनार के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में माओवादी गतिविधियां संचालित हो रही हैं तथा वहां भारी मात्रा में सामग्री छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने इलाके में सघन सर्चिंग अभियान चलाया।सर्चिंग के दौरान जवानों को जमीन के भीतर बनाया गया एक संदिग्ध बंकर मिला। डिमाइनिंग और सुरक्षा जांच के बाद बंकर को खोला गया, जहां से बड़ी मात्रा में सामान बरामद किया गया।

बरामद सामग्री में होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बड़ी बैटरियां, एक छोटी बैटरी, आठ सोलर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, लगभग 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और दो प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं।पुलिस के अनुसार बरामद सामग्री का उपयोग माओवादी विस्फोटक तैयार करने और तकनीकी गतिविधियों में करते थे। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान जारी है।फिलहाल मामले में बरामद सामग्री को जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।