राजनांदगांव : 04 मई 2026,नागपुर मंडल क्षेत्र में चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी का गंभीर मामला सामने आया है। 3 मई 2026 को गाड़ी संख्या 12101 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस के जनरल कोच पर रसमड़ा–दुर्ग रेलखंड के बीच किमी 869/10-12 के पास अज्ञात लोगों द्वारा पत्थर फेंके गए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो गया।घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की। मंडल सुरक्षा आयुक्त दीप चंद्र आर्य के मार्गदर्शन में और निरीक्षक प्रभारी तरुणा साहू के नेतृत्व में RPF राजनांदगांव टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया।

जांच के दौरान बघेरा गेट के पास दो नाबालिग बालक संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में एक बालक ने स्वीकार किया कि वह अपने दोस्त के साथ तालाब में नहाने के बाद निशानेबाजी की शर्त लगा रहा था। इसी दौरान गुजर रही ट्रेन पर पत्थर फेंका, जो जाकर कोच के कांच में लगा।घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों अपचारी बालकों को पकड़कर उनके परिजनों की उपस्थिति में मामला दर्ज किया गया। रेलवे सुरक्षा बल ने रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
RPF की अपीलरेलवे सुरक्षा बल ने आम नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि रेलवे ट्रैक या ट्रेनों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी RPF पोस्ट या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
RPF ने स्पष्ट किया है कि रेल सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।