रायपुर, 27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के लखनपुर नगर पंचायत में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 283 लाख रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम में कहा कि लखनपुर का सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इन परियोजनाओं से नगर की बुनियादी संरचना को मजबूती मिलेगी।उन्होंने बताया कि प्रस्तावित कार्यों में सड़क, नाली और अन्य सामुदायिक अधोसंरचना से जुड़े महत्वपूर्ण निर्माण शामिल हैं, जो न केवल नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करेंगे बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देंगे।

इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद लखनपुर एक आधुनिक और सुव्यवस्थित नगर के रूप में विकसित होगा।मंत्री ने कहा कि आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से नगर का स्वरूप तेजी से बदलेगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने नगरवासियों को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि सरकार जनहित के कार्यों को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और विकास की यह रफ्तार आगे भी जारी रहेगी।इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।