राजनांदगांव (छत्तीसगढ़) : बसंतपुर थाना क्षेत्र में ट्रक से चना चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है जिसकी तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदर बाजार निवासी रौनक जैन ने 8 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अप्रैल को उनके ट्रक (CG 08 AU 5984) में चालक संतोष साहू द्वारा चना लोड कर मंडी परिसर में खड़ा किया गया था। अगले दिन सुबह जब चालक ने ट्रक की जांच की तो तिरपाल खुला मिला और जमीन पर चना बिखरा हुआ था। दोबारा वजन कराने पर करीब 300 किलोग्राम चना कम पाया गया, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।


मामले में बसंतपुर थाना में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदेह के आधार पर शरद यादव, बाबू मरकाम उर्फ शशि, देवेन्द्र राजपूत और उमेश विश्वकर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सभी आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी शरद यादव के पास से करीब 250 किलोग्राम (5 कट्टा) चना बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 17 हजार रुपये बताई गई है। वहीं, घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा भी जब्त की गई है।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।