राजनांदगांव : राजनांदगांव पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना बसंतपुर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मोहरा नाला (बजरंग नगर) के पास एक फार्महाउस में दबिश देकर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों द्वारा मोबाइल, लैपटॉप और विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था।

“सांई ऐप” के जरिए हर गेंद और ओवर पर दांव लगवाया जा रहा था तथा कोड भाषा में हिसाब-किताब रखा जा रहा था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 1 टैब, 7 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल, 3 चार्जर और नगद राशि जब्त की है। सट्टा पट्टी में लगभग 9 लाख 20 हजार रुपये की एंट्री पाई गई है, जबकि कुल जप्ती की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।इस मामले में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 112 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर एवं नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और अलेक्जेंडर किरो के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस का कहना है कि आईपीएल सट्टे के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी