प्यार के नाम पर ठगी का ‘काला खेल’! फर्जी मैरिज ब्यूरो से 37 लाख की लूट, 2 गिरफ्तार

Uncategorized

राजनांदगांव, 01 अप्रैल 2026।शादी के नाम पर सपने दिखाकर जेब काटने वाले एक बड़े गिरोह का बसंतपुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। “लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो” के नाम से चल रहे इस फर्जी धंधे में युवकों को प्यार और शादी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इंटरनेट से युवतियों के फोटो डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे और व्हाट्सएप के जरिए युवकों को भेजते थे। मीठी बातों और शादी के वादों में फंसाकर रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30-40 हजार रुपये तक वसूले जाते थे। पैसे मिलते ही आरोपी नंबर बंद कर फरार हो जाते थे।पुलिस ने मौके से 07 एंड्रॉइड मोबाइल, 14 की-पैड मोबाइल और 09 रजिस्टर जब्त किए हैं। मोबाइल जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—2286 लड़कियों के फोटो स्टोर कर फर्जी आईडी बनाई गई थी।बैंक खातों की पड़ताल में सामने आया कि इस गिरोह ने पिछले एक साल में ₹37.69 लाख की ठगी को अंजाम दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में नेहा पाठक (23 वर्ष) निवासी राजनांदगांव तथा धर्मेंद्र मानिकपुरी (32 वर्ष) निवासी कबीरधाम (हाल मुकाम राजनांदगांव) शामिल हैं। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
इस संबंध में थाना बसंतपुर में भारतीय न्याय संहिता एवं आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या सोशल मीडिया के माध्यम से मिलने वाले रिश्तों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें और किसी भी प्रकार की राशि देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *