राजनांदगांव। दिनांक 28 मार्च 2026,रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट राजनांदगांव द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के तहत एक अहम कार्रवाई को अंजाम दिया गया। यह पूरी कार्रवाई मंडल सुरक्षा आयुक्त नागपुर श्री दीपचंद आर्य के निर्देशन में की गई।दिनांक 26 मार्च 2026 को निरीक्षक तरूणा साहू के नेतृत्व में RPF टीम ने रेलवे स्टेशन रसमड़ा एवं यार्ड क्षेत्र में रात्रि गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो प्रतिबंधित क्षेत्र में बंद समपार फाटक के पास एक बोरी में सामान लेकर जा रहा था।RPF टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रेलवे ट्रैक में उपयोग होने वाली 24 नग पेंड्रॉल क्लिप बरामद की गई।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मनीराम साहू (35 वर्ष), निवासी रसमड़ा, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह उक्त सामग्री को चोरी-छिपे ले जाकर कबाड़ी को बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।रेलवे संपत्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर आरोपी के विरुद्ध रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम, 1966 की धारा 03(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया।आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर विशेष रेलवे न्यायालय रायपुर (छत्तीसगढ़) में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया।रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।