रायपुर : रायपुर के उरला इलाके में 18 फरवरी 2026 की शाम एक पेट्रोल पंप पर हुई सनसनीखेज घटना ने सभी को हैरान कर दिया। पेट्रोल भरवाने पहुंचे दो दोस्तों के बीच सिगरेट को लेकर शुरू हुई नोकझोंक कुछ ही सेकंड में आग की लपटों में बदल गई।
जानकारी के मुताबिक इमरान अपने मित्र धर्मेंद्र क्षत्रि के साथ उरला स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचा था। पेट्रोल भरते समय धर्मेंद्र ने सिगरेट जला ली। पास खड़े इमरान ने उसे तुरंत सिगरेट बुझाने को कहा, क्योंकि पेट्रोल पंप परिसर में धूम्रपान सख्त मना होता है।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बात बढ़ने पर धर्मेंद्र ने आवेश में आकर लाइटर से सीधे बाइक की टंकी में लगे पेट्रोल नोजल पर आग लगा दी। पेट्रोल के संपर्क में आते ही लपटें तेज़ी से भड़क उठीं। देखते ही देखते बाइक और रिफिल मशीन आग की चपेट में आ गए। पंप पर मौजूद लोग कुछ पल के लिए दहशत में आ गए।
हालांकि, पंप कर्मचारियों की तत्परता ने बड़ी दुर्घटना टाल दी। एक कर्मचारी ने तुरंत रिफिल मशीन की सप्लाई बंद कर दी और अग्निशमन उपकरण की मदद से आग पर काबू पा लिया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो हादसा भयावह रूप ले सकता था।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ दिख रहा है कि किस तरह एक छोटी सी लापरवाही ने बड़ी आफत खड़ी कर दी।
पंप मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पेट्रोल पंप परिसर में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को लेकर सख्ती बरतने की बात कही है।
यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि पेट्रोल पंप पर धूम्रपान जैसी छोटी लगने वाली गलती भी जानलेवा साबित हो सकती है।