रायपुर : रायपुर निवासी स्वाति तिवारी को डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय, कोटा द्वारा मशीन लर्निंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के क्षेत्र में किए गए शोध कार्य के लिए पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई है। उनका शोध विषय “सोशल मीडिया टेक्स्ट एवं ऑडियो संवाद में व्यंग्य (Sarcasm) की पहचान : सपोर्ट वेक्टर मशीन का उपयोग” पर आधारित है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

डॉ. स्वाति तिवारी ने अपना यह शोध कार्य डॉ. सी. वी. रमन विश्वविद्यालय के डॉ. विवेक शुक्ला के निर्देशन एवं डॉ. अभिषेक शुक्ला के सह-निर्देशन में सफलतापूर्वक पूर्ण किया।
वर्तमान में डॉ. स्वाति तिवारी कोलंबिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के अंतर्गत मशीन लर्निंग की उपयोगिता को लेकर किया गया उनका यह शोध भविष्य में ऑनलाइन कस्टमर फीडबैक विश्लेषण, ऑनलाइन शिक्षा प्रणाली तथा मनोवैज्ञानिकों (Psychologists) के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।
उल्लेखनीय है कि डॉ. स्वाति तिवारी ने अपने शोध को अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित कराया है, साथ ही शोध से संबंधित डिज़ाइन का पेटेंट भी प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि पर शैक्षणिक जगत एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।