रायपुर/बालोद।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं जनजाति समाज की युवा नेत्री मनीषा राणा को समाजसेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए यूथ चेंज मेकर नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें क्रमशः दिल्ली के भारत मंडपम एवं हरियाणा के करनाल में आयोजित भव्य समारोहों में प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।
यह आयोजन अखिल भारतीय संस्था निफा (नेशनल इंटीग्रेट फोरम ऑफ आर्टिस्ट एंड एक्टिविस्ट) द्वारा किया गया, जिसमें देशभर के समाजसेवियों के साथ जापान, इंग्लैंड और मॉरीशस से आए अंतरराष्ट्रीय अतिथि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण, पूर्व उद्योग मंत्री शशिपाल मेहता एवं करनाल महापौर रेणु बाला गुप्ता विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
गौरतलब है कि बालोद जिले के ग्राम डेंगरापार निवासी सुश्री मनीषा राणा बीते पाँच वर्षों से लगातार समाजसेवा में सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित किया है। वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, पोषण कार्यक्रम, रक्तदान, शिक्षा, खेलकूद, नारी सुरक्षा एवं सशक्तीकरण, जल संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उनका विशेष योगदान रहा है।
इससे पूर्व भी उन्हें कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें वर्ष 2021-22 में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं कोरोना काल में जनजागरूकता के लिए जिला स्तरीय पुरस्कार प्रमुख है।
सुश्री मनीषा राणा वर्तमान में एबीवीपी छत्तीसगढ़ की प्रदेश सहमंत्री हैं। वे पूर्व में बालोद जिला संयोजक के दायित्व का निर्वहन कर चुकी हैं। जिला बालोद में निवासरत सुश्री राणा हिंदी विषय में स्नातकोत्तर हैं एवं वर्तमान में एलएलबी की छात्रा हैं। वर्ष 2020 से वह एबीवीपी से जुड़ी हुई है और तभी से वे निरंतर समाज एवं संगठन में सक्रिय योगदान दे रही हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर जिले के शिक्षकों, ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा एबीवीपी के कार्यकर्ताओं व पूर्व कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।