सूरजपुर : सूरजपुर थाना क्षेत्र के में बाइक से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 10 अगस्त को चौकी प्रभारी बसदेई सुनील सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सोल्ड बजाज प्लेटिना मोटर साइकिल में गांजा बिक्री करने के लिए शिवप्रसादनगर की ओर जा रहे हैं। चौकी प्रभारी बसदेई सुनील सिंह ने पुलिस टीम के साथ तत्काल शिवप्रसादनगर ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर बाइक को रुकवाया। दोनों ने अपना नाम ग्राम बचरापोड़ी, जिला कोरिया निवासी 35 वर्षीय सोनी कुमार विश्वकर्मा पिता दलसाय एवं ग्राम बरदर थाना खडग़वां निवासी 25 वर्षीय अजय कुमार देवांगन पिता छोटेलाल बताया। दोनों की तलाशी लिए जाने पर 500-500 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कुल 01 किलो कीमत 8 हजार रुपए का बरामद किया गया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।