सांसद बृजमोहन अग्रवाल और विधायकों की अगुवाई में विभिन्न क्षेत्रों में निकली यात्रा

Chhattisgarh

रायपुर :18 मई 2025। पहलगाम में हुए आतंकी हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में हिस्सा लेने वाले वीर जवानों के अद्भुत शौर्य, साहस और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आज जिले के विभिन्न नगरीय निकायों और गांवों में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य देश के नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और गर्व की भावना को और अधिक प्रबल करना था। इसके साथ ही युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जागृत करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा समाज के हर वर्ग को राष्ट्र के प्रति समर्पण के एक सूत्र में बांधना इस यात्रा का प्रमुख लक्ष्य था।

यात्रा के दौरान जिले के नगरीय निकायों और गांव-गांव में “भारत माता की जय”, “जय जवान”, और “वंदे मातरम” जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गूंज उठा। हर तरफ देशभक्ति का जोश और उत्साह देखने को मिला। लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे सम्मान और गर्व के साथ यात्रा में भाग लिया।

पंडरभट्ठा और खरोरा में सांसद  बृजमोहन अग्रवाल की अगुवाई में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना की वीरता और प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की रणनीतिक दृढ़ता के सम्मान में आयोजित की गई थी। इस दौरान लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयघोष के साथ राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया।

जिले के आरंग विकासखंड के ग्राम गनोद में विशेष रूप से इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक गुरु खुशवंत साहेब और विधायक इंद्रकुमार साहू ने नेतृत्व किया। गांव के लोगों ने भारी संख्या में भाग लेकर यह दर्शाया कि देश की सुरक्षा के लिए कार्य कर रहे जवानों के प्रति उनका गहरा सम्मान और प्रेम है। लोग तिरंगा थामे, पारंपरिक वेशभूषा में देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में चल रहे थे, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के जनप्रतिनिधि, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला, एसडीएम श्री पुष्पेंद्र शर्मा सहित कई अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण जन यात्रा में शामिल हुए और वीर सैनिकों को नमन किया।

तिरंगा यात्रा केवल गणोद तक सीमित नहीं रही, बल्कि जिले के अन्य कई स्थानों पर भी जोश और उत्साह के साथ इसका आयोजन किया गया। गोबरा नवापारा, माना नगर पालिका, ग्राम पंचायत दोंदेकला, नगर पालिका आरंग, बिरगांव नगर निगम, नगर पंचायत समोदा और नगर पालिका अभनपुर जैसे स्थानों पर भी नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर इस यात्रा को सफल बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *